June 26, 2026

“सॉरी मम्मी-पापा, गेम नहीं छोड़ पाए” सुसाइड नोट छोड़कर 3 बहनों ने की आत्महत्या

Ghaziabad/Alive News: गाजियाबाद में मोबाइल गेम की लत से जुड़ी एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां तीन बहनों ने नौवीं मंजिल की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली। तीनों की उम्र 12, 14 और 16 साल बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे की है।

पुलिस ने बताया कि तीनों बहनों ने अपने कमरे को अंदर से बंद किया, स्टूल रखा और एक-एक करके बालकनी से छलांग लगा दी। वे भारत सिटी बी-1 टॉवर के फ्लैट नंबर 907 में रहती थीं। करीब 80 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को कमरे से एक डायरी मिली है, जिसमें 18 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ है। नोट में लिखा है “सॉरी मम्मी-पापा, हम गेम नहीं छोड़ पा रहे हैं। आपको अब समझ आएगा कि हम गेम से कितना प्यार करते थे।” परिजनों के मुताबिक तीनों बहनें एक टास्क-बेस्ड कोरियन लव गेम की आदी थीं। वे पिछले करीब तीन साल से गेम खेल रही थी और दो साल से स्कूल भी नहीं जा रही थीं। दिनभर मोबाइल पर गेम खेलती रहती थीं और बाहरी लोगों से बातचीत भी कम कर दी थी।

पिता चेतन, जो ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं, ने बताया कि बेटियां अक्सर कहती थी कि उन्हें कोरिया जाना है। परिवार का कहना है कि गेम में बीच वाली बेटी टास्क देती थी और बाकी दो उसकी बात मानती थीं। तीनों हर समय साथ रहती थीं यहां तक कि नहाने और टॉयलेट जाने भी साथ ही जाती थीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। मोबाइल फोन और गेम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि यह समझा जा सके कि बच्चियों पर किस तरह का मानसिक दबाव था। यह घटना एक बार फिर बच्चों में मोबाइल और ऑनलाइन गेम की बढ़ती लत को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।