Faridabad/Alive News: जिले में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 6 बजे इनकम टैक्स की कई टीमें पुलिस बल के साथ शहर में पहुंचीं और अलग-अलग जगहों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
जानकारी के अनुसार शहर के 6 से 8 ठिकानों पर रेड की जा रही है। इनमें कंपनियों के दफ्तर, कंपनी मालिकों के घर और कुछ स्कूल भी शामिल हैं। इनकम टैक्स विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहकर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
छापेमारी जिन जगहों पर हो रही है, उनमें सेक्टर-11 स्थित हिंदुस्तान सिक्योरिटी का ऑफिस और सेक्टर-21 में एक निजी आवास शामिल है। इसके अलावा सेक्टर-17, सेक्टर-28 और नहर पार इलाके के कुछ स्कूलों में भी कार्रवाई चल रही है। वहीं, सेक्टर-9 के मकान नंबर 504-505 में रानी रोड के मालिक दीपक गुप्ता के घर पर भी इनकम टैक्स की टीम जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई बड़े वित्तीय लेन-देन (बड़ी फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन) को लेकर की जा रही है। इनकम टैक्स विभाग स्कूलों और कंपनियों से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रहा है। फिलहाल जांच जारी है और विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

