Faridabad/Alive News : 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प उत्सव 2026 में कलाकारों और शिल्पकारों के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों की प्रतिभा भी आकर्षण का केंद्र रही। हरियाणा पर्यटन निगम और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से प्रतिदिन विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
रविवार को नाट्यशाला में रंगोली व फेस पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें सीनियर वर्ग की रंगोली में डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल की नेहा सैनी प्रथम रहीं, जबकि जूनियर वर्ग में फैनटेक्स कॉन्वेंट स्कूल की पूजा ने बाजी मारी। फेस पेंटिंग सीनियर वर्ग में रावल बाल शिक्षा केंद्र के शिबू और जूनियर वर्ग में मॉडर्न बी.पी. पब्लिक स्कूल की साक्षी प्रथम स्थान पर रहीं।
सोमवार को पेंटिंग और क्ले प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पेंटिंग सीनियर वर्ग में महादेव देसाई पब्लिक स्कूल के रेहान सैफी और जूनियर वर्ग में सेंट जॉन स्कूल के अर्जुन प्रजापति प्रथम रहे। क्ले प्रतियोगिता सीनियर वर्ग में मुरारी लाल स्कूल की आकांक्षा तथा जूनियर वर्ग में सेंट जॉन स्कूल की कृतिका मित्तल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प उत्सव 1987 से देश-विदेश की कला, संस्कृति और विरासत को मंच प्रदान करता आ रहा है।

