Faridabad/Alive News: सेक्टर-16 इलाके में रविवार रात एक सड़क हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली–आगरा–मथुरा हाईवे पर मैगपाई टूरिज्म के सामने एक क्रेटा कार डिवाइडर की लोहे की ग्रिल से जा टकराई। हादसा उस समय हुआ, जब कार चालक ने अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 8:15 बजे ओल्ड मेट्रो स्टेशन से लगभग 200 मीटर आगे हुई। क्रेटा कार दिल्ली की ओर से बल्लभगढ़ की तरफ जा रही थी। कार में चालक मोहित और उसका एक साथी सवार था, जो किसी निजी काम से अपने परिवार के पास जा रहे थे।
इसी दौरान अचानक एक बाइक सवार कार के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक घबरा गया और कार का संतुलन बिगड़ गया। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रिल में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ग्रिल भी टूट गई।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि दोनों युवक पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई।
घटना की सूचना डायल 112 के जरिए पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-16 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली, लेकिन चालक और उसका साथी सुरक्षित थे।
पुलिस ने मौके का जायजा लिया और यातायात को सामान्य कराया। इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया।

