June 13, 2026

गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, कर्तव्यों की याद दिलाने का दिन : आरती सिंह राव

Faridabad/Alive News: गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि यह हमें संविधान में निहित मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाने वाला महत्वपूर्ण दिवस है। 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ, जिसने देश को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल सिद्धांतों पर आधारित एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया। यह बात हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री सुश्री आरती सिंह राव ने कही।

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित हेलीपैड ग्राउंड में हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य मंत्री सुश्री आरती सिंह राव ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, मार्च-पास्ट का निरीक्षण किया तथा परेड की सलामी ली। समारोह से पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुश्री आरती सिंह राव ने टाउन पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर वीर बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किये।

स्वास्थ्य मंत्री ने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और विचारों के कारण ही भारत आज विश्व के सबसे सशक्त लोकतंत्रों में से एक है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके बलिदानों के कारण ही आज हम स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भारत में सांस ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, लाला लाजपत राय, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सहित असंख्य महापुरुषों के संघर्ष और त्याग ने भारत को आजादी दिलाई और एक मजबूत राष्ट्र की नींव रखी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। भारत ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के साथ-साथ अंतरिक्ष विज्ञान में भी ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज की हैं। चंद्रयान-3 मिशन की सफलता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर यान उतारने वाला विश्व का पहला देश बन गया है, जो हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा ने शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनका देश के अन्य राज्य भी अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के युवा आज भी सेना में भर्ती होना गौरव की बात मानते हैं और भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है। उन्होंने शहीद सैनिकों और अर्धसैनिक बलों के जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग का गठन किया है। 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार “सबका साथ-सबका विकास” और “हरियाणा एक-हरियाणवी एक” के मूल मंत्र पर चलते हुए सुशासन से सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। आईटी के व्यापक उपयोग से प्रशासन में पारदर्शिता लाई गई है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गरीब कन्याओं के विवाह के लिए शगुन योजना, बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के लिए मासिक पेंशन, बीपीएल और चिरायु कार्ड जैसी योजनाओं से सामाजिक सुरक्षा को मजबूत किया गया है। किसानों को उनकी फसल का भुगतान सीधे खातों में भेजा जा रहा है।

स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्ष 2014-15 में जहां स्वास्थ्य बजट 2646 करोड़ रुपये था, वहीं वर्ष 2025-26 में इसे बढ़ाकर 9942 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो 275 प्रतिशत की वृद्धि है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में राज्य में केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 15 हो गई है और 9 नए मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। एमबीबीएस सीटों की संख्या 700 से बढ़ाकर 2185 कर दी गई है, जिसे वर्ष 2029 तक 3400 से अधिक करने का लक्ष्य है। किडनी रोगियों के लिए सभी सरकारी अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में नि:शुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। आयुष्मान भारत चिरायु योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा लाभ दिया जा रहा है।

कृषि और रोजगार के क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एमएसपी पर सभी 24 फसलों की खरीद की जा रही है और राशि 48 घंटे के भीतर किसानों के खातों में भेजी जा रही है। उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को सरल बनाया गया है, जिससे हरियाणा निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। खेलों में हरियाणा की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। ओलंपिक और पैरालंपिक पदक विजेताओं के लिए करोड़ों रुपये के पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

इस अवसर पर फरीदाबाद के मंडल आयुक्त संजय जून, डीसी विक्रम सिंह, पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल, एडीसी सतबीर मान, सीटीएम अंकित कुमार, भाजपा के जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में मौजूद रहे।