June 13, 2026

पृथला विधानसभा में सद्भाव यात्रा को मिला सर्वदलीय समर्थन, दूसरे दिन भी जनसैलाब

Faridabad/Alive News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही “सद्भाव यात्रा” फरीदाबाद के पृथला विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी पूरे उत्साह और व्यापक जनसमर्थन के साथ आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर सद्भाव और सामाजिक एकता के संदेश को समर्थन दिया।

सद्भाव यात्रा अपने 107वें दिन भी जनसहभागिता के साथ जारी रही। यात्रा की शुरुआत गड़पुरी गांव (पृथला) से हुई, जो सोफ्ता मोड़, सीकरी, नंगला जोगियां, भनकपुर, सिकरोना और करनेरा से होते हुए समयपुर (पृथला) पहुंची। यात्रा का रात्रि विश्राम किसान भवन, सेक्टर-16, फरीदाबाद में निर्धारित किया गया है।

यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस लगातार तीन चुनाव हार चुकी है और यदि अब भी कुछ लोग पुराने व असफल तरीकों पर पार्टी को चलाना चाहते हैं तो उन्हें आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राजनीति में शून्यता नहीं रहती और यदि कोई खाली स्थान छोड़ा जाता है तो उसे भरने के लिए कोई और आगे आ जाता है।

बृजेंद्र सिंह ने भाजपा पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता इस तरह हासिल की जा सकती है, लेकिन समाज आज भी इतना कमजोर नहीं हुआ है कि वह दोबारा एकजुट न हो सके। उन्होंने कहा कि भाजपा की विघटनकारी राजनीति का डटकर मुकाबला करने की क्षमता केवल कांग्रेस में है और सद्भाव यात्रा इसी उद्देश्य से निकाली गई है।

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह, महिला कांग्रेस की रेवाड़ी जिलाध्यक्ष सवीता कुंडू, सत्यवीर डागर, वेद प्रकाश यादव, मुकेश डागर, सूरज मान, कालू पहलवान, कमांडो हिदायत खान, प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ. बिलाल, सूबे सिंह, बलदेव सरपंच, नंबरदार मास्टर मेहर चंद, कर्मवीर, डॉ. ओमप्रकाश बूरा, सुरेश सरपंच सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, सामाजिक प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।