March 8, 2026

कंपनी की गाड़ी और कॉपर वायर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार चोरी की वारदातों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने कंपनी की गाड़ी और कॉपर वायर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई गाड़ी और 2795 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, थाना खेड़ी पुल क्षेत्र में स्थित पैराडाइज वायर लिमिटेड कंपनी से जुड़ा यह मामला है। कंपनी के कर्मचारी राधेश्याम, निवासी भारत कॉलोनी फरीदाबाद, ने शिकायत दी थी कि 12 जनवरी 2026 को कंपनी की एक गाड़ी में 2795 किलो कॉपर वायर लोड कर साहुपुरा भेजा गया था, लेकिन गाड़ी तय समय पर वहां नहीं पहुंची। कुछ देर बाद गाड़ी चालक का मोबाइल फोन भी बंद हो गया, जिससे चोरी की आशंका हुई।

शिकायत के आधार पर थाना खेड़ी पुल में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने आरोपी मो. वसीम, निवासी सरसंडा, झांसी (वर्तमान पता भारत कॉलोनी, फरीदाबाद) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी ही गाड़ी का ड्राइवर था। उसने अपने कर्ज को चुकाने के इरादे से कॉपर वायर से भरी गाड़ी लेकर फरार हो गया था और उसे बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने उसे गांव बड़ौली के पास से गिरफ्तार किया।

आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फरीदाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी और अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।