Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में साइबर थानों की टीम ने एक सप्ताह के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए 39 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 10 जनवरी से 16 जनवरी 2026 के बीच साइबर थाना एनआईटी, सेंट्रल और बल्लभगढ़ की टीमों ने कुल 14 मामलों में कार्रवाई की। इस दौरान 19 लाख 92 हजार 597 रुपये बरामद किए गए।
कार्रवाई के तहत साइबर थाना एनआईटी के 4, सेंट्रल के 7 और बल्लभगढ़ के 3 मामले शामिल रहे। इसके अलावा पुलिस ने 234 शिकायतों का समाधान किया और 6 लाख 86 हजार 18 रुपये ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में फ्रिज कराया गया, जिससे पीड़ितों को राहत मिल सकी। गिरफ्तार आरोपियों में कई राज्यों से जुड़े साइबर ठग शामिल हैं, जो अलग-अलग तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे।
फरीदाबाद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह के लालच में न आएं और सतर्क रहें। अगर किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। इसके साथ ही www.cybercrime.gov.in वेबसाइट पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

