Faridabad/Alive News: पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 16 जनवरी को यातायात पुलिस और थाना शहर पुलिस ने संयुक्त रूप से बल्लभगढ़ के आंबेडकर चौक पर वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का अभियान चलाया। इस दौरान 40 से अधिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई गई। साथ ही अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया।
बल्लभगढ़ के एसीपी जीतेश कुमार ने बताया कि कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया। निजी, भारी और कमर्शियल वाहनों सहित जिन वाहनों की टेल लाइट खराब या नहीं थी, उन पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई गई। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे तय गति सीमा में ही वाहन चलाएं।
एसीपी ने कहा कि सर्दी और कोहरे के मौसम में सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो। जिला यातायात पुलिस लगातार छोटे-बड़े, निजी और व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर सर्दियों के मौसम में शहर और ग्रामीण इलाकों में गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। साथ ही इस मौसम में होने वाले अपराधों को रोकने के लिए पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
एसीपी जीतेश कुमार ने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान किए जाएंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि तेज रफ्तार से बचें, धुंध में लो बीम का प्रयोग करें, सीट बेल्ट और हेलमेट पहनें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। नींद आने पर वाहन चलाने से बचें और जरूरत हो तो आराम करें।
इस मौके पर यातायात पुलिस निरीक्षक अनुज कुमार, सहायक उप निरीक्षक कन्हैया लाल, शहर बल्लभगढ़ के उप निरीक्षक जगबीर, अग्रसेन चौकी इंचार्ज धर्मपाल, बस अड्डा चौकी इंचार्ज नरेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

