March 8, 2026

मोहना एलिवेटेड मार्ग में बाधक 30 अवैध निर्माणों पर चलेगा बुलडोजर

Ballabhgadh/Alive News: बल्लभगढ़ में मोहना एलिवेटेड मार्ग के निर्माण में बाधा बन रहे करीब 30 अवैध निर्माणों को जल्द हटाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और संबंधित निर्माणों के मालिकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।

इन अवैध निर्माणों को तोड़ने से पहले भूमि की पैमाइश कर निशान लगाए जा चुके हैं। अब विभाग कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटा हुआ है। मोहना मार्ग को करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड बनाने का कार्य पिछले एक वर्ष से जारी है। ऊंचा गांव से मलेरना कट तक और अस्पताल रोड पर एलिवेटेड निर्माण में बाधक बने अवैध निर्माण पहले ही हटाए जा चुके हैं।

अब गुप्ता होटल चौक से लेकर आकाश सिनेमा तक बने निर्माण एलिवेटेड मार्ग के निर्माण में रुकावट बने हुए हैं। यहां मौजूद करीब 30 अवैध निर्माणों के कारण पिलरों के ऊपर आई-गाडर रखना मुश्किल हो रहा है। आई-गाडर रखने से पहले पिलरों पर टी-शेप स्ट्रक्चर तैयार किया जाना है।

वर्तमान में इस हिस्से में पिलरों के लिए फाउंडेशन डालने का काम चल रहा है। पीडब्ल्यूडी का लक्ष्य है कि टी-शेप निर्माण से पहले उन अवैध निर्माणों को हटाया जाए, जिससे कार्य प्रभावित न हो। पीडब्ल्यूडी द्वारा जल्द ही संबंधित निर्माण मालिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस मिलने के बाद एक सप्ताह का समय दिया जाएगा, ताकि मालिक स्वयं अपने अवैध निर्माण हटा सकें और नुकसान कम हो। तय समय में कार्रवाई न होने पर पीडब्ल्यूडी की टीम अर्थमूवर की मदद से अवैध निर्माणों को हटाएगी, जिससे अधिक हिस्सा टूटने की संभावना

क्या कहना है उपमंडल अधिकारी पीडब्ल्यूडी

हमने मोहना रोड पर अवैध निर्माणों को तोड़ने के लिए जो अदालत में कानूनी कार्रवाई चल रही थी, उसका जवाब बनाकर सरकार को चंडीगढ़ भेज दिया है। ताकि एलिवेटेड के निर्माण कार्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़़े। हमने नोटिस बनाने शुरू कर दिए हैं। जल्दी ही यह काम पूरा हो जाएगा और दुकानदारों को दे दिए जाएंगे। एक सप्ताह का पहला नोटिस दिया जाएगा। यदि दुकानदारों ने फिर भी अपने अवैध निर्माण नहीं तोड़े तो तीन दिन का दूसरा नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद फिर विभाग अपनी कार्रवाई करेगा।

 – रवि इंद्र सिंह, उपमंडल अधिकारी पीडब्ल्यूडी