Faridabad/Alive News: पृथला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया के प्रयासों से हरियाणा विधानसभा की लोक लेखा समिति (पब्लिक अकाउंट्स कमेटी) ने शुक्रवार को अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, छांयसा का औपचारिक एवं विस्तृत निरीक्षण किया। समिति का नेतृत्व नूंह से विधायक चौधरी अफताब अहमद ने किया।
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्य विधायक ओम प्रकाश यादव, योगेंद्र सिंह राणा, कंवर सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के निदेशक व अन्य वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। लोक लेखा समिति ने मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आधारभूत ढांचे, मानव संसाधन तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का गहन मूल्यांकन किया।
उल्लेखनीय है कि इस मेडिकल कॉलेज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया ने विधानसभा सत्र के दौरान प्रभावी रूप से उठाया था। उसी के परिणामस्वरूप लोक लेखा समिति ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण एवं समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के निदेशक व मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने समिति को अगले दो माह के भीतर सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक रघुबीर तेवतिया ने समिति के समक्ष कॉलेज में एक्स-रे, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं शीघ्र शुरू करने, गंभीर मरीजों के उपचार के लिए वेंटिलेटर सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने प्रयोगशाला में सभी आवश्यक जांच शुरू करने, मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ओपीडी सेवाओं के विस्तार तथा वर्तमान में उपलब्ध न होने के कारण इनडोर (भर्ती) सुविधा शीघ्र शुरू करने पर भी जोर दिया, ताकि आसपास के 40 से 50 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिल सके।
इसके अलावा विधायक तेवतिया ने दुर्घटना या अन्य मामलों में पोस्टमार्टम के लिए मरीजों को बी.के. अस्पताल, फरीदाबाद ले जाने की मजबूरी का मुद्दा उठाते हुए कॉलेज परिसर में ही पोस्टमार्टम सुविधा शुरू करने की मांग की। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत एमबीबीएस छात्रों की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी इसी कॉलेज में कराने की पुरजोर मांग रखी, क्योंकि वर्तमान में छात्रों को प्रैक्टिकल के लिए बी.के. अस्पताल या ईएसआई भेजा जाता है।
विधायक रघुबीर तेवतिया ने लोक लेखा समिति के निरीक्षण के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पहले भी इन मांगों को विधानसभा में उठा चुके हैं और अब मुख्यमंत्री से पुनः आग्रह करते हैं कि ग्रामीण पृष्ठभूमि वाले पृथला विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा

