September 16, 2026

शताब्दी महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने जीती दो अंतर-महाविद्यालय खेल ट्रॉफियां

Faridabad/Alive News: महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक द्वारा 12 व 13 जनवरी 2026 को आयोजित अंतर-महाविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो प्रमुख ट्रॉफियां अपने नाम कीं। महाविद्यालय की टीम ने पेनकक सिलाट और स्पेक टेकरा दोनों प्रतियोगिताओं में विजेता ट्रॉफी जीतकर संस्थान का नाम रोशन किया।

पेनकक सिलाट प्रतियोगिता में महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर ओवरऑल विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। स्वर्ण पदक विजेताओं में उदय शर्मा (55 किग्रा, बी.कॉम द्वितीय वर्ष), तनिष्क (65 किग्रा, बी.ए. द्वितीय वर्ष), काव्या (60 किग्रा, बी.कॉम द्वितीय वर्ष), मुनल (75 किग्रा, बी.बी.ए. प्रथम वर्ष), विशाल (85 किग्रा, बी.कॉम तृतीय वर्ष), उज्ज्वल (90 किग्रा, बी.कॉम द्वितीय वर्ष) और कुणाल (95 किग्रा, बी.बी.ए. तृतीय वर्ष) शामिल रहे।

रजत पदक सुशांत (70 किग्रा, बी.ए. द्वितीय वर्ष) और आदित्य (75 किग्रा, बी.एससी कंप्यूटर साइंस द्वितीय वर्ष) ने प्राप्त किए, जबकि कांस्य पदक कोमल (70 किग्रा, बी.ए. तृतीय वर्ष) और नंदिनी (60 किग्रा) के खाते में आए।

स्पेक टेकरा प्रतियोगिता में भी डीएवी शताब्दी महाविद्यालय की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी जीती। इस टीम में शिव चपराना, ध्रुव, अभिजीत, तुषार, कृष और ओम शामिल रहे।

खिलाड़ियों के कॉलेज पहुंचने पर कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और अनुशासन को देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। छात्र खिलाड़ियों की तैयारी में शारीरिक शिक्षा विभाग के संकाय सदस्य उमेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन में यह उपलब्धि संभव हो सकी।

इस ऐतिहासिक जीत से पूरे कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है। खेल विभाग के सदस्यों व प्राध्यापकों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। इस अवसर पर नीरज मलिक और पीआरओ वीरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि संस्थान की खेल एवं सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।