Faridabad/Alive News: नगर निगम ने गुरुवार को प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 बकायेदारों की प्रॉपर्टी सील कर दी। इस कार्रवाई के दौरान निगम ने मौके पर ही करीब 53 लाख रुपये की टैक्स वसूली भी की। यह कदम उन प्रॉपर्टी मालिकों के खिलाफ उठाया गया, जिन पर एक लाख रुपये से अधिक का टैक्स बकाया था।
निगम अधिकारियों के मुताबिक, सीलिंग से पहले सभी डिफाल्टरों को नोटिस जारी कर टैक्स जमा करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। इसके साथ ही निगम ने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रॉपर्टी मालिक को अपने टैक्स असेसमेंट में कोई आपत्ति है, तो वह निगम मुख्यालय में शिकायत दर्ज करा सकता है।
नोटिस अवधि के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा के निर्देश पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। निगम के अनुसार, जिले में सबसे अधिक प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टर ओल्ड फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में हैं। एडिशनल कमिश्नर ने कहा कि टैक्स बकायेदारों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

