Faridabad/Alive News: तिगांव क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण सिटी बस सेवा प्रबंधन ने अस्थायी रूप से बस रूटों में बदलाव किया है। सड़क निर्माण पूरा होते ही बसों को उनके पुराने रूट पर पुनः संचालित किया जाएगा। इस दौरान यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट द्वारा तिगांव में सड़क निर्माण किया जा रहा है, जिसके चलते वहां से सिटी बसों का संचालन फिलहाल संभव नहीं है। वर्तमान में रूट नंबर 909 (बल्लभगढ़–मंझौली वाया तिगांव) पर चलने वाली सिटी बसों को डायवर्ट कर रूट नंबर 913 पर भेजा गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिटी बस सेवा के इंचार्ज अंकित अरोड़ा ने बताया कि अब ये बसें बदरपुर बॉर्डर से मंझौली तक रूट नंबर 913 के माध्यम से चलेंगी। वहीं, रूट नंबर 916 की बसें, जो पहले बल्लभगढ़ से तिगांव होते हुए चांदपुर तक जाती थीं, अब केवल बल्लभगढ़ से तिगांव स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा तक ही संचालित होंगी।
सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सिटी बस सेवा को पूर्ववत रूटों पर फिर से शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल बस सेवा प्रभावित होने के कारण यात्रियों को ऑटो-रिक्शा और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा। सर्दी के मौसम में कुछ दिनों तक लोगों को परेशानी जरूर होगी, लेकिन सड़क निर्माण पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर हो जाएगी।

