March 7, 2026

स्वामी विवेकानंद जयंती पर पाली गांव से शुरू हुआ सूर्य नमस्कार अभियान

Faridabad/Alive News: स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर फरीदाबाद के पाली गांव स्थित व्यायामशाला से सूर्य नमस्कार अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 12 फरवरी तक जिले की सभी व्यायामशालाओं में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और सूर्य नमस्कार कर योग के प्रति अपनी रुचि दिखाई।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मोनिशा लाम्बा ने बताया कि सूर्य नमस्कार एक संपूर्ण योग अभ्यास है, जिससे शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि रोजाना सूर्य नमस्कार करने से मांसपेशियां मजबूत होती हैं, शरीर में लचीलापन आता है, जोड़ों की समस्या कम होती है और पाचन तंत्र भी बेहतर होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी व्यायामशालाओं में योग प्रशिक्षकों की व्यवस्था की गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।

हरियाणा योग आयोग के सदस्य जयपाल शास्त्री ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को उनसे प्रेरणा लेने की बात कही। योग विशेषज्ञ विकास यादव ने लोगों से रोज सूर्य नमस्कार करने और अधिक से अधिक लोगों को www.suryanamaskarharyana.in वेबसाइट पर पंजीकरण कराने की अपील की।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में योग सहायक अनीशा सुरेंद्र, रोहित और साहिल का भी विशेष सहयोग रहा।