November 14, 2026

न्यूड तस्वीरों के बदले पाकिस्तान को भेजी सैन्य जानकारी, वायुसेना के विंग कमांडर पर जासूसी का आरोप!

पाकिस्तान को सैन्य जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार भारतीय वायुसेना का विंग कमांडर।

New Delhi/Agency: पाकिस्तान की महिला ऑपरेटिव के जाल में फंसकर भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर देश की संवेदनशील सैन्य जानकारी साझा करने का आरोप लगा है। पुलिस की चार्जशीट के मुताबिक, अधिकारी ने महिला से न्यूड तस्वीरें मिलने के बदले लड़ाकू विमानों की तैनाती, सैन्य अभ्यास और ड्रोन यूनिट से जुड़ी गोपनीय जानकारी भेजी थी। यहां तक कि उसने युद्ध की योजना से जुड़े दस्तावेजों के पन्ने भी साझा किए थे।

आरोपपत्र के अनुसार, अधिकारी 12 जनवरी से 1 अप्रैल 2026 तक संदिग्ध पाकिस्तानी ऑपरेटिव के संपर्क में था। दोनों के बीच व्हॉट्सऐप पर 3,008 टेक्स्ट मैसेज, 42 वॉयस कॉल और 4 वीडियो कॉल हुईं। इस दौरान 65 तस्वीरें भी साझा की गईं।

पुलिस का आरोप है कि अधिकारी ने लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती, राजस्थान के सूरतगढ़ में सैन्य अभ्यास और ड्रोन यूनिट की क्षमता से जुड़ी जानकारी दी थी। उसने ड्रोन यूनिट में तैनात कर्मचारियों की संख्या, संगठनात्मक ढांचे, परीक्षण और तकनीकी क्षमताओं का ब्योरा भी साझा किया।

जांच में यह भी सामने आया कि महिला ऑपरेटिव ने अधिकारी को कुछ मालवेयर और स्पाइवेयर एप्लिकेशन भेजे थे। आरोप है कि अधिकारी ने अपने अधीन काम करने वाले पांच कर्मचारियों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में ये सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाए। इनके जरिए संवेदनशील जानकारियां हासिल की जा सकती थीं।

मामला मई 2026 में सामने आया। पुलिस को अधिकारी की गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद 1 अप्रैल को उससे पूछताछ की गई और उसके मोबाइल फोन की जांच की गई। डिजिटल सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।