March 7, 2026

संजय कॉलोनी छात्र की मौत मामला: मारपीट के बाद इलाज के दौरान हुई थी मौत, 5 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के संजय कॉलोनी में 30 दिसंबर को एक छात्र के साथ की गई मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई थी। इस मामले में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 30 दिसंबर को थाना मुजेसर में लड़ाई-झगड़े से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस झगड़े में रवि नामक युवक को गंभीर चोटें आई थीं। घायल रवि की 4 जनवरी को इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद केस में हत्या की धारा जोड़ दी गई। मामले की आगे की जांच अपराध शाखा सेक्टर-56 को सौंपी गई थी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा (21) निवासी संजय कॉलोनी, मोहित उर्फ चमन (23) और विकास (22) निवासी प्रेस कॉलोनी, तथा निखिल (18) और रोनित (18) निवासी जवाहर कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कृष्णा और मृतक रवि के बीच पहले से कहासुनी चल रही थी और दोनों एक-दूसरे पर तंज कसते थे। इसी बात से नाराज होकर कृष्णा ने अपने परिवार में बुआ के लड़के मोहित उर्फ चमन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद 30 दिसंबर को मोहित अपने साथी निखिल, रोनित और विकास के साथ कृष्णा से मिला।

शाम के समय सभी आरोपी संजय कॉलोनी स्थित पानी के प्लांट पर बैठे रवि के पास पहुंचे और उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें माननीय न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।