Jhajjar/Alive News: हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में शनिवार देर रात एक निजी स्कूल के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। यह घटना बेरी रोड स्थित मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल की है। फायरिंग की पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, यह स्कूल हरियाणा कुश्ती संघ के महासचिव और भाजपा नेता राकेश कोच से जुड़ा हुआ है। फायरिंग उनके भाई योगेश उर्फ सीटू को निशाना बनाकर की गई। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले योगेश की किसी व्यक्ति से फोन पर बहस हुई थी।
घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, बदमाश स्कूल के गेट पर पहुंचे और योगेश का नाम लेते हुए लगातार गोलियां चलाईं। सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक फायरिंग करता है, जबकि दूसरा उसकी वीडियो बनाता नजर आ रहा है।
राकेश कोच ने बताया कि स्कूल उनके घर के पास ही है और इस घटना के बाद परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। बदमाशों ने फायरिंग के दौरान गालियां भी दीं और दहशत फैलाने की कोशिश की।
योगेश उर्फ सीटू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अज्ञात बदमाशों ने स्कूल के मुख्य गेट और पिलर पर करीब 8 से 9 राउंड फायरिंग की और इसके बाद फरार हो गए। घटना के समय वह घर पर सो रहा था। सुबह स्कूल गेट पर गोलियों के निशान मिले। सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक और एक स्विफ्ट कार भी दिखाई दी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बदमाशों ने फिरौती की मांग को लेकर फायरिंग की है। बताया गया है कि तीनों बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर आए थे।
इस मामले में एसीपी प्रदीप खत्री ने बताया कि फायरिंग की घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि योगेश उर्फ सीटू हिस्ट्रीशीटर है और उस पर 8 मामले दर्ज हैं, जिनमें 3 हत्या और 2 हत्या के प्रयास के मामले शामिल हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

