March 7, 2026

मेरिका का वेनेजुएला पर हमला, राष्ट्रपति को पकड़ा

Delhi/Alive News: अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति को पकड़ने का दावा किया है। ट्रम्प ने कुछ देर पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया एडेला फ्लोरेस अब अमेरिकी सैनिकों के कब्जे में हैं। उन्हें अब वेनेजुएला से बाहर ले जाया गया है।

ट्रम्प ने कहा कि वे आज रात 8 बजे (भारतीय समय के मुताबिक) प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले पर पूरी जानकारी देंगे। हालांकि, ट्रम्प के इस दावे पर अब तक वेनेजुएला का कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है।

अमेरिका ने बीती रात करीब 2 बजे वेनेजुएला के 4 शहरों पर हमले किए। अमेरिकी मीडिया CBS न्यूज के मुताबिक ट्रम्प ने वेनेजुएला के अंदर सैन्य सुविधाओं और कई खास जगहों पर हमले का आदेश दिया था।

अमेरिकी हमले के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने बयान जारी कर कहा था कि वे इसका जवाब देंगे। उन्होंने देशभर में इमरजेंसी लगाने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा कि अमेरिका तख्तापलट करना चाहता है, ताकि वेनेजुएला के तेल और खनिज संसाधनों पर कब्जा कर सके। मादुरो के बयान जारी करने के 1 घंटे बाद ट्रम्प ने उन्हें पकड़ने का ऐलान किया।

अमेरिका ने ड्रग तस्करी को लेकर वेनेजुएला को घेर रखा है

अमेरिका ने यह हमला ऐसे समय में किया है, जब दोनों देशों के बीच टकराव बढ़ा हुआ है। अमेरिका ने वेनेजुएला के पास समुद्र में सैनिक, विमान और युद्धपोत तैनात कर रखे हैं।

बीते 4 महीने में अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला की 35 नावों हमले किए हैं। इसमें 100 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। अमेरिका का दावा है कि वे ड्रग तस्करी में शामिल थीं।​​​​​​​

अमेरिकी दूतावास ने लोगों को वेनेजुएला की यात्रा से बचने की सलाह दी

कोलंबिया स्थित अमेरिकी दूतावास ने लोगों से वेनेजुएला की राजधानी काराकास और उसके आसपास की यात्रा से बचने की सलाह दी है।

एक सुरक्षा नोटिस में, दूतावास ने वेनेजुएला में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्थानों पर सुरक्षित रहें और जैसे ही मुमकिन हो, देश छोड़ दें।

दूतावास ने बताया कि वेनेजुएला के लिए लेवल 4 की सलाह जारी की गई है, जो कि चेतावनी का हाई स्तर है।

बयान में कहा गया है कि मार्च 2019 में, अमेरिकी विदेश विभाग ने कराकस में अमेरिकी दूतावास से सभी राजनयिक कर्मियों को वापस बुला लिया था और सभी तरह के संचालन निलंबित कर दिए थे।

ट्रम्प का दावा- मादुरो को पकड़ लिया गया है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमला कर उन्हें और उनकी पत्नी को पकड़ लिया।

ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में, ट्रम्प ने कहा कि ऑपरेशन के बाद मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया गया और देश से बाहर भेज दिया गया।

वेनेजुएला पर हमले की अमेरिकी सांसदों ने आलोचना की

वेनेजुएला पर हमले के बाद अमेरिका के डेमोक्रेटिक सांसद ने इसकी निंदा की है। एरिजोना से अमेरिकी सीनेटर रुबेन गाल्गो ने X पर लिखा कि यह जंग गैरकानूनी है।

गाल्गो यू.एस. मरीन कोर के पूर्व सैनिक हैं और इराक में तैनात रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह इराक के बाद दूसरी बिना वजह की लड़ाई है।

यूटा से रिपब्लिकन सीनेटर माइक ली (यूटा) ने भी अमेरिकी हमले की आलोचना की है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “मैं यह जानने के लिए इंतजार कर रहा हूं कि बिना युद्ध की घोषणा या सैन्य बल के इस्तेमाल की अनुमति के, इसे संविधान के तहत कैसे सही ठहराया जा सकता है।”

पिछले कुछ महीनों में कांग्रेस के डेमोक्रेट और कुछ रिपब्लिकन सांसद कई प्रस्ताव पेश कर चुके हैं जो अमेरिका को संसद की मंजूरी के बिना वेनेजुएला पर हमला करने से रोकते। हालांकि, इन प्रस्तावों को हर बार खारिज कर दिया गया था।

मादुरो ने देश के डिफेंस प्लान को एक्टिवेट करने का आदेश दिया

अमेरिकी हमले के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो ने देश की सभी डिफेंस प्लान को एक्टिवेट करने का आदेश दिया है।

इसका मतलब है कि राष्ट्रपति कुछ समय के लिए लोगों के अधिकार सीमित कर सकते हैं और आर्मी का काम बढ़ा सकते हैं।

अमेरिकी फ्लाइट्स के वेनेजुएला के एयर स्पेस में उड़ने पर प्रतिबंध लगा

वेनेजुएला पर हमले के बाद अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने अमेरिकी कमर्शियल फ्लाइट्स को वेनेजुएला के एयर स्पेस में उड़ने से रोकने का आदेश दिया है।

FAA ने यह रोक सुरक्षा जोखिमों का हवाला देते हुए लगाया है।

अमेरिका का वेनेजुएला के 4 ठिकानों पर हमला

  • फुएर्ते टियुना: राजधानी काराकस का मुख्य सैन्य अड्डा, देश का सबसे बड़ा मिलिट्री बेस
  • ला कार्लोटा- काराकस का मुख्य एयरबेस, सैन्य और नागरिक दोनों उड़ानों के लिए इस्तेमाल
  • एल वोलकान- काराकस की पहाड़ियों में स्थित कम्युनिकेशन सेंटर
  • ला ग्वाइरा पोर्ट- काराकस के नजदीक, कैरिबियन तट पर स्थित देश का प्रमुख बंदरगाह

वेनेजुएला के राष्ट्रपति बोले- हमलों का जवाब देंगे

हमले के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने बयान जारी कर कहा कि वह सैन्य कार्रवाई के लिए अमेरिकी सरकार की कड़ी निंदा करते हैं।

वेनेजुएला के अनुसार, हमलों में काराकास शहर के साथ-साथ मिरांडा, अरागुआ और ला ग्वायरा राज्यों में नागरिक और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है।

सरकार ने कहा कि वह इन हमलों का डटकर जवाब देगी। वेनेजुएला ने अमेरिका पर तख्तापलट की कोशिश का आरोप भी लगाया। साथ ही वेनेजुएला ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की तत्काल बैठक बुलाने की मांग की है।

कोलंबिया के राष्ट्रपति बोले- पूरी दुनिया अलर्ट पर रहे

वेनेजुएला के पड़ोसी देश कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि “इस समय काराकस पर बमबारी हो रही है। पूरी दुनिया को अलर्ट किया जाता है।” उन्होंने UN से मामले की जांच करने को कहा।

हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि हमले किसने किए। पेट्रो ने संयुक्त राष्ट्र की तत्काल बैठक बुलाने की भी मांग की।