Haryana/Alive News: नए साल के पहले दिन हुई हरियाणा कैबिनेट बैठक में महिलाओं के लिए बड़ा फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा दिया गया है। अब उन महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा, जिनके बच्चों ने 10वीं या 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। ऐसी माताओं को भी 2100 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कैबिनेट बैठक में कुल 6 एजेंडे रखे गए थे और सभी को मंजूरी दे दी गई है। बैठक में परिवहन विभाग के उन ड्राइवरों को भी राहत दी गई है, जिन्हें वर्ष 2002 में कॉन्ट्रैक्ट पर रखा गया था। सरकार ने उन्हें नियमित मानते हुए सभी वित्तीय लाभ देने का फैसला किया है।
होनहार बच्चों की माताओं को भी मिलेगा लाभ
सीएम नायब सैनी ने कहा कि बेटियों और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए शुरू की गई दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना में अब नई श्रेणियां जोड़ी गई हैं। जिन बच्चों ने 10वीं और 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं, उनकी माताओं को भी हर किस्त में 2100 रुपये मिलेंगे।
एनीमिया और कुपोषण से बाहर आए बच्चों की मां को भी सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन माताओं ने अपने बच्चों को कुपोषण और एनीमिया से बाहर निकाला है, उन्हें भी इस योजना का लाभ दिया जाएगा। योजना के तहत 1100 रुपये सीधे महिलाओं के खाते में भेजे जाएंगे, जबकि 1000 रुपये सरकार की ओर से डिपॉजिट किए जाएंगे, जो ब्याज सहित मिलेंगे। यदि लाभार्थी महिला की असामयिक मृत्यु होती है, तो डिपॉजिट की गई राशि तुरंत नामित व्यक्ति को दी जाएगी।
8 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिल रहा लाभ
सीएम ने जानकारी दी कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब तक 10 लाख 255 महिलाओं ने आवेदन किया है। इनमें से करीब 8 लाख महिलाओं को सहायता राशि मिल रही है, जबकि बाकी आवेदनों की जांच जारी है। सरकार अब तक करीब 250 करोड़ रुपये की राशि दो किस्तों में जारी कर चुकी है।
सितंबर 2025 में शुरू हुई थी योजना
लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत सितंबर 2025 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर की गई थी। 1 नवंबर को हरियाणा दिवस के मौके पर पहली किस्त और दिसंबर के पहले सप्ताह में दूसरी किस्त जारी की गई थी। सरकार पहले ही घोषणा कर चुकी है कि अब योजना की राशि हर महीने के बजाय हर तीन महीने में महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी।

