March 8, 2026

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। 28 दिसंबर 2025 को पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशों पर, संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल के मार्गदर्शन और एसीपी ट्रैफिक विकास कुमार के नेतृत्व में फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस व सामुदायिक पुलिसिंग शाखा ने बल्लभगढ़ जोन और सेक्टर-12 स्थित सरस मेला (सरस आजीविका फेयर) में यातायात जागरूकता अभियान चलाया।

यह कार्यक्रम बल्लभगढ़ बस स्टैंड, बाटा चौक, सोहना टी-प्वाइंट और सरस मेला परिसर में आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य ऑटो चालकों, दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों के साथ-साथ आम लोगों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और दंड प्रावधानों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक ताऊ सब-इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने वाहन चालकों को सरल भाषा में समझाया कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कैसे सड़क हादसों का कारण बनती है। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तय गति सीमा में वाहन चलाने, लेन का पालन करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अहमियत बताई। ऑटो चालकों को सवारी चढ़ाने-उतारने के सही नियमों और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया गया।

सर्दी और धुंध को देखते हुए अभियान के तहत रिफ्लेक्टर टेप अभियान भी चलाया गया। ऑटो और अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। वाहन चालकों को बताया गया कि रिफ्लेक्टर टेप से कम रोशनी और धुंध में वाहन आसानी से दिखाई देता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कम होता है। साथ ही ट्रैफिक नियम तोड़ने पर लगने वाले चालान की जानकारी भी दी गई।

इस मौके पर एएसआई सुरेंद्र, एएसआई नरेंद्र, एएसआई कैलाश सहित ट्रैफिक पुलिस का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा। पुलिस कर्मियों ने अलग-अलग स्थानों पर लोगों से संवाद कर उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। उन्होंने खुद नियमों का पालन करने और दूसरों को भी सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे में वाहन न चलाएं और जिम्मेदार नागरिक बनकर सड़क सुरक्षा में सहयोग दें।