Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के स्टूडेंट पुलिस कैडेट (SPC) कार्यक्रम के तहत पुलिस लाइन सेक्टर-30 स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में मासिक सामूहिक गतिविधि का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त फरीदाबाद के निर्देशानुसार, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस गतिविधि में जिले के 14 स्कूलों के कुल 435 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। टीम ने भूकंप, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के समय खुद को सुरक्षित रखने और दूसरों की मदद करने के तरीके व्यावहारिक डेमो के माध्यम से समझाए। इसके साथ ही दुर्घटना या अन्य मानव निर्मित आपदाओं के दौरान घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने, सुरक्षित बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी बताई गई।
रेड क्रॉस सोसायटी फरीदाबाद की टीम ने भी विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा से संबंधित जरूरी जानकारी दी, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता दी जा सके।
कार्यक्रम में एनडीआरएफ टीम कमांडर निरीक्षक यशवीर, लाइन अफसर निरीक्षक हरदयाल सिंह, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य हेमा अरोड़ा, SPC कार्यक्रम के समन्वयक उप-निरीक्षक सुरेंद्र सिंह, मास्टर ट्रेनर ट्रैफिक ताऊ वीरेंद्र सिंह, उप-निरीक्षक कृष्ण कुमार सहित सभी स्कूलों के SPC इंचार्ज उपस्थित रहे।
फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि जनवरी माह की SPC मासिक गतिविधि का मुख्य विषय “सड़क सुरक्षा” रहेगा, जिसमें विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सुरक्षित सड़क व्यवहार और दुर्घटनाओं से बचाव के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

