August 29, 2026

फरीदाबाद पुलिस की C स्तरीय कल्याण संगोष्ठी आयोजित, अधिकांश समस्याओं का मौके पर समाधान

Faridabad/Alive News: पुलिस कर्मचारियों के कल्याण और सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 27 दिसंबर को कार्यालय पुलिस आयुक्त, सेक्टर-21C फरीदाबाद में C स्तरीय कल्याण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि संगोष्ठी के दौरान पुलिस कर्मचारियों द्वारा कुल 20 सुझाव रखे गए। इनमें पुलिस उपायुक्त मुख्यालय से 2, सेंट्रल और एनआईटी जोन से 4-4, बल्लभगढ़ जोन से 3, पुलिस उपायुक्त अपराध से 6 और ट्रैफिक से 1 सुझाव शामिल थे।

इन सुझावों में मुख्य रूप से पुलिस थानों, चौकियों और क्राइम ब्रांच में वाटर कूलर व आरओ लगवाने, कुर्सी-मेज की व्यवस्था, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की उपलब्धता, भवनों की मरम्मत जैसे मुद्दे शामिल थे। पुलिस आयुक्त ने इन पर गंभीरता से विचार करते हुए 80 प्रतिशत से अधिक समस्याओं का समाधान संगोष्ठी के दौरान ही कर दिया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

कुछ सुझाव ऐसे थे जो उच्च कार्यालय या अन्य विभागों से संबंधित थे, जिनके लिए पत्राचार करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर अभिषेक जोरवाल पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, मकसूद अहमद पुलिस उपायुक्त एनआईटी, मुकेश कुमार पुलिस उपायुक्त अपराध, राजकुमार पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़, उषा पुलिस उपायुक्त सेंट्रल सहित सभी सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी, अपराध शाखा के अधिकारी और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।