June 13, 2026

श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर निकली भव्य कलश यात्रा

Faridabad/Alive News: ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अमृता हॉस्पिटल के निकट ग्राम बादशाहपुर में शुक्रवार से श्रीमद भागवत कथा सप्ताह का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सहभागिता कर सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कलश यात्रा में मुस्लिम समाज के हामिद खान, वली मोहम्मद, अजीज खान, इमाम जमालुद्दीन, याकूब खान, फजरू खान, सरदार खान, शेर खान और मजीद खान सहित अन्य लोगों ने पूरे उत्साह और प्रसन्नता के साथ भाग लिया। उनकी सहभागिता को उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहा और इसे गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक बताया।
यह श्रीमद भागवत कथा सप्ताह आयोजक जितेंद्र त्यागी द्वारा अपने दिवंगत माता-पिता स्वर्गीय कालूराम त्यागी एवं स्वर्गीय शिक्षा देवी की पावन स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। कथा का आयोजन ग्राम बादशाहपुर स्थित ‘त्यागी निवास’ में किया गया है।
कलश यात्रा के उपरांत वृंदावन के सुप्रसिद्ध कथा व्यास पंडित राकेश कृष्ण शास्त्री महाराज द्वारा श्रीमद भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। कथा व्यास अपनी ओजस्वी वाणी में भगवान श्रीकृष्ण की समस्त लीलाओं एवं भागवत महापुराण के गूढ़ रहस्यों को भक्तों के समक्ष सरल एवं सहज भाव से प्रस्तुत करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, श्रीमद भागवत कथा सप्ताह के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान और आध्यात्मिक चिंतन का लाभ मिलेगा। ग्राम बादशाहपुर में इस आयोजन से भक्ति और ज्ञान की गंगा बहने की अनुभूति हो रही है, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।