March 8, 2026

गाली-गलौज का बदला लेने के लिए चाकू से हमला, तीन और आरोपी गिरफ्तार, पांच नाबालिग अभिरक्षा में

Faridabad/Alive News: पुलिस चौकी सेक्टर-3 की टीम ने 17 दिसंबर को हुए चाकू से हमले के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। इस मामले में मुख्य आरोपी मोनू और उसके एक साथी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-3 निवासी बादल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 दिसंबर को मोनू ने उसे फोन कर वीटा डेयरी के पास बनी पार्किंग में बुलाया। इसके बाद बादल अपने दोस्त दक्ष और अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। पार्किंग में पहले से मौजूद मोनू और उसके साथियों ने बादल और उसके दोस्त दक्ष पर चाकू से हमला किया और लात-घूंसे भी मारे।

इस संबंध में थाना सेक्टर-8 में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस चौकी सेक्टर-3 की टीम ने प्रांजल और हरिश (निवासी तिरखा कॉलोनी) तथा लोकेश (निवासी सेक्टर-3, फरीदाबाद) को गिरफ्तार किया। साथ ही पांच नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी मुख्य आरोपी मोनू के दोस्त हैं और उसी के कहने पर घटना में शामिल हुए थे। तीनों गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि पांच नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।