March 7, 2026

फरीदाबाद में BMS डॉक्टर पर हमला: क्लिनिक में घुसकर दो युवकों ने पीटा, पैर में मारी कैंची

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के एसजीएम नगर इलाके में एक BMS डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर डॉक्टर के क्लिनिक में घुसकर हमला किया। इस हमले में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित डॉक्टर राहल ने पुलिस को बताया कि वह कॉलोनी में ही अपना क्लिनिक चलाते हैं। रविवार रात करीब 10 बजे वह क्लिनिक बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी सोनू अपने एक साथी के साथ जबरन क्लिनिक में घुस आया। दोनों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी।

डॉक्टर के अनुसार, एक आरोपी ने डंडे से उस पर हमला किया, जबकि दूसरे ने उसके पैर में कैंची मार दी। डॉक्टर की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। लोगों को आता देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल डॉक्टर को इलाज के लिए फरीदाबाद के बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

एसजीएम नगर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि आरोपियों और डॉक्टर के बीच पुरानी कहासुनी को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।