March 7, 2026

हरियाणा में 23वां जिला बना हांसी, नोटिफिकेशन जारी; हिसार की सीमाएं बदलीं

Haryana/Alive News: हरियाणा में सोमवार से जिलों की संख्या 23 हो गई है। हांसी को नया जिला बनाने का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। यह आदेश हरियाणा की मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त डॉ. सूमिता मिश्रा की ओर से जारी किया गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा की थी।

नोटिफिकेशन के अनुसार, रजिस्ट्रेशन अधिनियम 1908 और हरियाणा भू-राजस्व अधिनियम 1887 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए राज्यपाल ने हिसार जिले की सीमाओं में बदलाव किया है। इसके तहत हांसी नाम से नया जिला बनाया गया है, जिसमें हांसी और नारनौंद उपमंडल शामिल होंगे।

हांसी के जिला बनने से हिसार जिले की सीमाएं कम हो जाएंगी। अभी हिसार जिले में 6 तहसील और 3 उप-तहसील हैं। हांसी जिला बनने के बाद बास, हांसी और नारनौंद तहसील नए जिले में शामिल हो जाएंगी। अब हिसार जिले में केवल हिसार और बरवाला उपमंडल रहेंगे, जबकि हांसी जिले में हांसी और नारनौंद दो उपमंडल होंगे।

हांसी के जिला बनने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब प्रशासनिक कामों के लिए हिसार नहीं जाना पड़ेगा। हांसी में ही उपायुक्त (DC) बैठेंगे। इसके साथ ही यहां जिला एवं सत्र न्यायालय का गठन होगा, जिससे मुकदमों की सुनवाई के लिए भी हिसार नहीं जाना पड़ेगा।

नया जिला बनने से क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। सरकार हांसी जिले के लिए नई विकास योजनाएं लाएगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।