March 8, 2026

फरीदाबाद में डॉग घुमाने को लेकर विवाद, युवक के सिर पर फावड़े से हमला

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र के गांव सेहतपुर में डॉग घुमाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। घायल युवक की पहचान आकाश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आकाश सुबह करीब 10 बजे अपने घर के पीछे की सड़क पर डॉग घुमा रहा था।

इसी दौरान पास में दुकानें बनवा रहे प्लॉट मालिक विशंभर ने आकाश को वहां डॉग न घुमाने के लिए कहा और गालियां देने लगा। जब आकाश ने गाली देने का विरोध किया, तो विशंभर ने अपने बेटे नरेंद्र और धीरेंद्र को बुला लिया। आरोप है कि दोनों बेटों ने अपने साथियों के साथ मिलकर आकाश के साथ मारपीट की।

मारपीट के दौरान आरोपियों ने आकाश के सिर पर फावड़े से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि युवक का इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में आपसी कहासुनी के बाद विवाद की बात सामने आई है। शिकायत मिलने पर पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।