Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग सेल ने समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए सेक्टर-17 स्थित के.एल. मेहता स्कूल में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में करीब 400 विद्यार्थी और शिक्षक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को महिलाओं के खिलाफ अपराध और बाल विवाह कानून की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने के लिए समाज की जागरूकता और भागीदारी बहुत जरूरी है।
निरीक्षक सुनीता ने बाल विवाह को एक गंभीर सामाजिक बुराई बताया और कहा कि यह कानूनन अपराध है। बाल विवाह से बेटियों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास पर बुरा असर पड़ता है और उनका भविष्य भी प्रभावित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे खुद भी जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी इस विषय में समझाएं।
इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें डायल 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1091, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और MANAS ऐप शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नशा न करने की शपथ दिलाई गई। फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे, ताकि समाज को सुरक्षित, जागरूक और नशामुक्त बनाया जा सके।

