March 7, 2026

ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन: फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी, शराब-नशा व हथियार बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में अवैध नशा, शराब, हथियार और संगीन अपराधों पर लगाम लगाने के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा 1 दिसंबर से ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने 16 दिसंबर को एक दिन में 50 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कार्रवाई में 62 पेटी शराब (744 बोतल), 4 किलो 474 ग्राम गांजा, 3 देसी कट्टा और 2 कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 16/17 दिसंबर की रात थाना कोतवाली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नीलम गोलचक्कर के पास से विशाल और तरुण (निवासी संजय कॉलोनी) को एक होंडा सिटी कार सहित पकड़ा। कार से 60 पेटी शराब (720 बोतल) बरामद हुई, जिसमें देसी और अंग्रेजी शराब शामिल है। वहीं थाना मुजेसर की टीम ने मोनू को 52 पव्वा देसी शराब के साथ और थाना बीपीटीपी की टीम ने गोलू को 52 पव्वा देसी शराब सहित गिरफ्तार किया।

अवैध नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने रोहित (निवासी गांव बाजौत, जिला अलीगढ़) को सेक्टर-29 बाईपास से 4 किलो 58 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा। आरोपी कोसीकलां से गांजा लाकर फरीदाबाद में बेचने आया था। इसके अलावा क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने बल्लभगढ़ सब्जी मंडी से मिंटू को 416 ग्राम गांजा सहित काबू किया।

अवैध हथियार रखने वालों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा। अपराध शाखा सेक्टर-58 ने यश कुमार को एक देसी कट्टा सहित, क्राइम ब्रांच एनआईटी ने कमल को एक देसी कट्टा सहित और अपराध शाखा डीएलएफ ने पवन को एक देसी कट्टा व 2 कारतूस सहित गिरफ्तार किया। पवन पर पहले से ही गैंगस्टर एक्ट समेत 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फरीदाबाद पुलिस ने ऑपरेशन हॉटस्पॉट ट्रेकडाउन के तहत पिछले 17 दिनों में करीब 800 ठिकानों पर छापेमारी कर 126 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 17 किलो 873 ग्राम गांजा, 18.4 ग्राम स्मैक, 1626 बोतल शराब, 26 देसी कट्टा, 4 पिस्टल, 8 कारतूस और जुआ-सट्टा के 14,210 रुपये बरामद किए गए हैं।