Faridabad/Alive News: सराय ख्वाजा स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जूनियर रेड क्रॉस एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के तत्वावधान में हरियाणा पुलिस की दुर्गा शक्ति एंटी वूमेन क्राइम यूनिट द्वारा बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता एवं संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रधानाचार्य ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से उनके दैनिक आवागमन व असुरक्षित स्थानों को लेकर संवाद किया। छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए, जिन पर दुर्गा शक्ति टीम ने सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने व नियमित निगरानी का आश्वासन दिया। इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा कानून, आत्म-रक्षा, साइबर अपराध से बचाव, आपात सहायता व हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
शारीरिक शिक्षा प्राध्यापिका दीपांजलि शर्मा ने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा समाज, परिवार, विद्यालय और पुलिस के संयुक्त प्रयास से ही संभव है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने छात्राओं की सुरक्षा व अधिकारों को लेकर जागरूकता गतिविधियाँ निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

