Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्क्रैप से भरा ट्रक लेकर फरार हुए ड्राइवर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच AVTS सिकरौना की टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों के पास से ट्रक और 9 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दिल्ली निवासी एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-8 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी कंपनी का ड्राइवर रफाकत 13 नवंबर को पुणे से 18 टन मिक्स स्क्रैप से भरा ट्रक लेकर निकला था। ट्रक 17 नवंबर को संत सूरदास मेट्रो स्टेशन पहुंचा, लेकिन इसके बाद ट्रक और ड्राइवर दोनों का कोई पता नहीं चला।
मामला दर्ज होने के बाद क्राइम ब्रांच AVTS-1 की टीम ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी रफाकत (37) और उसके साथी जाहिद (26) को सोहना से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं।
पूछताछ में सामने आया कि रफाकत पिछले एक साल से शिकायतकर्ता की कंपनी में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। जब वह संत सूरदास मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचा तो उसने ट्रक का जीपीएस बंद कर दिया और अपने साथी जाहिद के साथ ट्रक लेकर फरार हो गया। दोनों ने ट्रक में भरा करीब 18 टन मिक्स स्क्रैप 20 लाख रुपये में बेच दिया। खरीदार ने 10 लाख रुपये नकद दिए, जिसे दोनों ने आपस में बराबर बांट लिया।
पुलिस ने आरोपियों से ट्रक और 9 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।

