June 26, 2026

हार के साथ खत्म हुआ जॉन सीना का ऐतिहासिक WWE करियर, आखिरी मुकाबले में गनथर से मिली शिकस्त

International/Alive News: डब्ल्यूडब्ल्यूई के महान रेसलरों में शुमार जॉन सीना का शानदार करियर जीत के साथ खत्म नहीं हो सका। रविवार को खेले गए अपने करियर के आखिरी मुकाबले में जॉन सीना को गनथर के हाथों हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले के दौरान सीना एक समय गनथर के सामने घुटने टेकते नजर आए।

मैच के बाद भावुक जॉन सीना ने अपनी टी-शर्ट और रिस्टबैंड रिंग में ही छोड़ दिए और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए रिंग से बाहर चले गए। यह पल उनके फैंस के लिए बेहद भावुक था।

मुकाबले में गनथर ने शुरू से ही सीना पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने लगातार हमलों से सीना को कमजोर किया और आखिरी पलों में स्लीपर लॉक लगाकर उन्हें पूरी तरह थका दिया। हालांकि सीना ने भी बीच-बीच में शानदार दांव लगाए और गनथर को अपने कंधों पर उठाकर रिंग में पटक दिया, लेकिन अंत में उनकी ताकत जवाब दे गई और उन्हें हार माननी पड़ी।

दिग्गजों ने किया सम्मान
जॉन सीना के आखिरी मुकाबले के बाद WWE के कई दिग्गज रेसलरों ने उन्हें सलाम किया। लॉकर रूम में मौजूद सभी बड़े रेसलर उनके शानदार करियर को सम्मान देने पहुंचे। इनमें ट्रिपल एच, स्टैफनी मैक्मोहन, सीएम पंक, कोडी रोड्स और द अंडरटेकर जैसे नाम शामिल रहे।

जॉन सीना ने अपने करियर में WWE को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और लाखों फैंस के दिलों पर राज किया। भले ही उनका आखिरी मुकाबला जीत के साथ खत्म न हुआ हो, लेकिन रेसलिंग की दुनिया में उनका नाम हमेशा सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।