Haryana/Alive News: हरियाणा के कई जिलों में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी घटकर 10 मीटर से भी कम रह गई, जबकि कुछ जगहों पर यह 5 मीटर से नीचे चली गई। कोहरे के कारण रोहतक, हिसार और झज्जर सहित कई जिलों में बड़े सड़क हादसे हुए, जिनमें 50 से ज्यादा वाहन आपस में टकरा गए। इन हादसों में चार लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं।
रोहतक जिले के महम में एनएच-152 डी के कट पर एक ट्रक और कार की टक्कर हो गई। इसके बाद पीछे से आ रहे करीब 35–40 वाहन आपस में भिड़ गए। कुछ वाहनों में आग भी लग गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। कई वाहन एक-दूसरे में फंस गए थे, जिन्हें काटकर अलग किया गया और मृतकों के शव भी काटकर बाहर निकाले गए।
हिसार में नेशनल हाईवे-52 पर धिकताना मोड़ के पास कोहरे के कारण पांच वाहन आपस में टकरा गए। इसके बाद हरियाणा रोडवेज की दो बसें भी हादसे का शिकार हो गईं। इस घटना में बड़ी संख्या में यात्रियों की जान बच गई, जबकि एक बाइक सवार घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
झज्जर जिले में कलियावास गांव के पास रोडवेज बस और एक स्कूल बस की टक्कर हो गई। स्कूल बस में सवार छह छात्राएं घायल हो गईं, जिनमें से एक छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह बस चरखी दादरी के आर्यन स्कूल की थी, जो टूर पर जा रही थी। इसके अलावा झज्जर–रेवाड़ी रोड पर कुलाना चौक के पास भी दो बसें आपस में टकरा गईं, जिसमें कई यात्री घायल हो गए और एक बस चालक गंभीर रूप से घायल हुआ।
चरखी दादरी और भिवानी में भी कोहरे के कारण कई वाहन आपस में टकराए। भिवानी के हांसी रोड पर चार वाहन भिड़ गए। वहीं, खराब मौसम के चलते हिसार-दिल्ली फ्लाइट भी रद्द कर दी गई। मौसम विभाग ने पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, सोनीपत, रोहतक, अंबाला, भिवानी और झज्जर जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे में सावधानी से वाहन चलाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें।

