March 7, 2026

शहरी विकास प्रधान सलाहकार की अध्यक्षता में 7वीं अंतर-एजेंसी समन्वय बैठक आयोजित

Faridabad/Alive News: शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस ढेसी की अध्यक्षता में आज शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला फरीदाबाद में चल रही विभिन्न परियोजनाओं पर उपायुक्त आयुष सिन्हा और अन्य संबंधित विभागों व एजेंसी के अधिकारियों के साथ 7वीं अंतर-एजेंसी समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजना, अमृत योजना, शहरी परिवहन, जलापूर्ति, सीवरेज नेटवर्क, आवास विकास, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य शहरी आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

2026-27 बजट को बनाया जाएगा अधिक टिकाऊ और नागरिक-अनुकूल
शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने वर्ष 2026-2027 के बजट संबंधी प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में शहरी बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता और जल प्रबंधन योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा शहरी परिवहन सुधारों पर विशेष जोर दिया गया। ढेसी ने कहा कि आगामी बजट का उद्देश्य शहरों को अधिक विकसित, टिकाऊ और नागरिक–अनुकूल बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को योजनाओं की प्राथमिकताओं के अनुरूप अपने प्रस्ताव तैयार करने और विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग दो महीनों में सभी स्वीकृतियां पूरी करें, 15 फरवरी से शहर की सड़कों के मरम्मत कार्य शुरू होंगे।

प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने कहा कि एफएमडीए और आई-ट्रिपल-सी एक परिसर में स्थापित होंगे, इनका मॉनिटरिंग सिस्टम ओर सुदृढ़ होगा। इन कार्यों को समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सतत मॉनिटरिंग दो-सदस्यीय समिति करेगी

प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने कहा कि फरीदाबाद में कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने और प्रमुख बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में ईस्टर्न पेरिफेरल, जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी तथा अन्य महत्वपूर्ण मार्गों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जेवर से ईस्टर्न पेरिफेरल कॉरिडोर का लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य को भी प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जा रहा है। यमुना पुल और एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त आयुष सिन्हा, एचएसवीपी की प्रशासन अनुपमा अंजलि सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।