March 8, 2026

लंबित शिकायतों का तुरंत करें समाधान, रिओपन मामलों पर दें विशेष ध्यान :आयुष सिन्हा

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा बुधवार को जिलेवार समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी और जनसंवाद पोर्टल पर लंबित शिकायतों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी निपटान सुनिश्चित किया जाए।

वीडियो कांफ्रेंस के बाद उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का निवारण समयबद्ध, दीर्घकालिक तथा संतोषजनक होना चाहिए। उन्होंने विभागों को हिदायत दी कि शिकायतों की एंट्री सही और स्पष्ट हो ताकि वे मुख्यालय स्तर पर दोबारा न खुलें। डीसी ने सभी अधिकारियों से यह भी अपेक्षा की कि वे अपने-अपने विभाग की शिकायतों की स्थिति का नियमित निरीक्षण करें।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं विभिन्न पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों की निगरानी कर रहे हैं, इसलिए सभी विभागों को गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में प्रशासनिक प्रक्रिया के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता और व्यावहारिक दृष्टिकोण भी आवश्यक है, ताकि लोगों को वास्तविक राहत मिल सके।

बैठक में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद अमित कुमार, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे