June 13, 2026

घर में हुई चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; चोरी किए आभूषण बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी के तहत अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने घर में हुई चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बल्लभगढ़ की एक महिला ने शिकायत दी थी कि 20 नवंबर को उनका परिवार बाहर गया हुआ था। वापस आने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और नकदी व आभूषण चोरी हो गए हैं। इस शिकायत पर थाना आदर्श नगर में मामला दर्ज किया गया था।

जांच के बाद अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने आरोपी कुलदीप, निवासी आदर्श नगर फरीदाबाद, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि जब उसने घर को बंद देखा, तो उसने लोहे की रॉड से ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी पर पहले भी लड़ाई-झगड़े और चोरी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं।