March 7, 2026

फरीदाबाद में सड़क हादसा: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत, ड्राइवर फरार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के दिल्ली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह घटना केली गांव के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार वाहन ने युवक की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन युवक को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।

मृतक की पहचान 22 वर्षीय तेजपाल के रूप में

मृतक युवक तेजपाल, गांव सीकरी का रहने वाला था। वह रोज की तरह सुबह करीब 9:30 बजे काम पर जाने के लिए बाइक से निकला था। जैसे ही वह मुख्य हाईवे पर पहुंचा, पीछे से आए तेज रफ्तार बड़े वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। तेजपाल वाहन के नीचे फंस गया और काफी दूर तक घसीटता चला गया। रुकने तक उसकी जान नहीं बच पाई।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सीकरी पुलिस चौकी और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेजा गया। परिवार को जैसे ही खबर मिली, वे भी मौके पर पहुंच गए।

तेजपाल के पिता तारा चंद ने बताया कि उनका बेटा हर दिन बाइक से बल्लभगढ़ काम पर जाता था। उन्होंने कहा कि किसी बड़े वाहन ने उनके बेटे को टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया। पिता ने दुख जताते हुए कहा कि उनका बेटा बिल्कुल ठीक-ठाक घर से निकला था, लेकिन कुछ ही देर में यह दर्दनाक हादसा हो गया।