Faridabad/Alive News: भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के निर्देशानुसार जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-3 फरीदाबाद में 11 से 15 नवंबर 2025 तक पांच दिवसीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का संचालन उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष विक्रम सिंह के मार्गदर्शन तथा सचिव बिजेंद्र सोरौत की देखरेख में किया गया। शिविर निदेशक इशांक कौशिक ने विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के संरक्षक एवं पूर्व जिला गवर्नर अनिल अरोड़ा ने शिरकत की तथा प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जूनियर रेडक्रॉस स्वयंसेवक सामाजिक सेवा, आपदा राहत, नशा मुक्ति और जन-जागरण अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सचिव बिजेंद्र सोरौत ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को रेडक्रॉस के इतिहास, राष्ट्रीय एकता, महिला सशक्तिकरण, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के सम्मान, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन, ट्रैफिक सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार तथा स्वास्थ्य जागरूकता सहित विभिन्न मानवीय विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।
प्राथमिक चिकित्सा विशेषज्ञ दर्शन भाटिया और एम.सी. धीमान द्वारा प्रतिभागियों को चोट लगने पर पट्टी बांधने, जीवन रक्षक तकनीकों तथा डूबने की स्थिति में प्राथमिक उपचार के व्यावहारिक प्रशिक्षण से अवगत कराया गया। उप अधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रजनी गोयल ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण के दौरान मिली ज्ञान और जिम्मेदारियों को समाज में लागू कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें। डॉ. एम.पी. सिंह ने छात्रों को देशहित में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह के संचालन का दायित्व हिमांशु, प्रवक्ता रेडक्रॉस सोसायटी ने निभाया तथा कैंप रिपोर्ट स्कूल की छात्रा दीक्षा ने प्रस्तुत की। शिविर को सफल बनाने में सरोज बाला, अरविंद शर्मा, दर्शन भाटिया, मनमोहन शर्मा, हिमांशु, मनदीप, अशोक सहित विद्यालय स्टाफ ने सहयोग दिया।

