Delhi/Alive News:दिल्ली में हुए धमाके के बाद पुलिस को शक है कि कार ड्राइवर आतंकी डॉक्टर उमर था। जांच की पुष्टि के लिए पुलिस उसका डीएनए टेस्ट करा रही है। इसके लिए कश्मीर पुलिस ने पुलवामा में उमर की मां और उसके दो भाइयों को हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टर उमर विस्फोटकों के साथ कार में बैठा रहा और धमाके के वक्त खुद को उड़ा लिया। वह करीब ढाई घंटे तक कार के अंदर ही बैठा रहा और एक पल के लिए भी बाहर नहीं निकला।
एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि शवों पर जलने के सामान्य निशान या छर्रों की चोटें नहीं मिलीं, जो आमतौर पर बम धमाके में होती हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह धमाका सामान्य आरडीएक्स विस्फोट जैसा नहीं था।
ब्लास्ट में अमोनियम नाइट्रेट और फ्यूल का इस्तेमाल
जांच में पता चला है कि लाल किले के पास हुए धमाके में अमोनियम नाइट्रेट, फ्यूल और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया गया था।
पीएम मोदी का बयान
भूटान दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धमाके में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि “दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
फरीदाबाद में अल फलाह यूनिवर्सिटी और मस्जिदों में तलाशी
फरीदाबाद पुलिस ने अल फलाह यूनिवर्सिटी को घेरकर जांच शुरू कर दी है। यूनिवर्सिटी के अंदर और बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। बता दें कि 2900 किलो विस्फोटक मामले में गिरफ्तार तीन डॉक्टरों का संबंध इसी यूनिवर्सिटी से था। पुलिस ने फतेहपुर तगा गांव की मस्जिदों में भी तलाशी अभियान चलाया है।

