Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में एक और सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरीदाबाद निवासी एक महिला ने थाना सेक्टर-8 में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 अक्टूबर को उसके बेटे ने अपनी मोटरसाइकिल सेक्टर-3 स्थित वाइन शॉप के पास खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह लौटा तो मोटरसाइकिल गायब थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने रामावतार (29), निवासी मंदौरी, जिला पलवल को सेक्टर-3 क्षेत्र से चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी, इसलिए उसने मोटरसाइकिल चोरी की। आरोपी पर पहले भी लड़ाई-झगड़े का मामला दर्ज है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

