Faridabad/Alive News: सराय ख्वाजा गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की जूनियर रेड क्रॉस एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के सहयोग से प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा के मार्गदर्शन में आज विद्यालय प्रांगण में “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार एवं शिक्षा विभाग हरियाणा के दिशा निर्देशों के अंतर्गत आयोजित किया गया जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में राष्ट्रगीत के प्रति आदर, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक गौरव की भावना को सशक्त करना था।
आज प्रातः आरंभ हुए इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने खड़े होकर अत्यंत श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह के साथ “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन किया, जिससे सम्पूर्ण प्रांगण देशभक्ति की भावना से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए संदेश दिया कि “वंदे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारे राष्ट्र की आत्मा और गौरव का प्रतीक है, जो हर भारतीय के हृदय में देशभक्ति, त्याग और एकता की भावना को जागृत करता है। प्रधानाचार्य ने मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कहा कि हमें इस पावन गीत के माध्यम से यह स्मरण रखना चाहिए कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और प्रत्येक विद्यार्थी को अपने कर्म, विचार और आचरण से देश के विकास में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वयन में पीजीटी (शारीरिक शिक्षा) दीपांजली शर्मा का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने विद्यार्थियों को “वंदे मातरम्” के ऐतिहासिक महत्व एवं इसके रचनाकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा दिए गए राष्ट्र प्रेम के संदेश से परिचित कराया। उनके प्रेरणादायक मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पूरे जोश, अनुशासन और समर्पण के साथ गीत प्रस्तुत किया।
प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने अंत में विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए यह प्रेरक संदेश दिया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में न केवल देशभक्ति की भावना को सशक्त करते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी प्रबल बनाते हैं, जिससे वे एक सशक्त और जागरूक नागरिक बन सकें।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सामूहिक गायन उत्सव का किया आयोजन

