Faridabad/Alive News: अपराध शाखा DLF की टीम ने बीमा एजेंट की हत्या के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह वही मामला है जिसमें मृतक का शव पल्ला क्षेत्र के नाले में मिला था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 25/26 अक्टूबर की रात थाना पल्ला क्षेत्र में एत्मादपुर पुल के पास श्मशान घाट के नजदीक एक व्यक्ति का शव नाले में मिला था। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे और गले में रस्सी लिपटी हुई थी। मृतक की पहचान चंदर, निवासी ईस्ट विनोद नगर, कल्याणपुरी (दिल्ली) के रूप में हुई।
मृतक के भाई मदन गोपाल की शिकायत पर थाना पल्ला में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जांच अपराध शाखा DLF को सौंपी गई।
पुलिस जांच में टीम ने कार्रवाई करते हुए गौरव झा (19) निवासी संत नगर, बुराड़ी (दिल्ली) और प्रशांत कुमार (25) निवासी बिसानपुरा, देवरिया (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी रजौकरी (दिल्ली), को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि गौरव, मुख्य आरोपी केशव का भाई है और प्रशांत उसका दोस्त है। दोनों ने केशव और उसकी मंगेतर के साथ मिलकर 25/26 अक्टूबर की रात बीमा एजेंट चंदर की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी केशव और उसकी मंगेतर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

