March 8, 2026

हरियाणा में आज रात से बदलेगा मौसम, दो दिन तक सक्रिय रहेगा पश्चिमी विक्षोभ

Chandigarh/Alive News: चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, हरियाणा में आज 27 अक्टूबर की रात से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले दो दिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिससे राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव से प्रदूषण के स्तर में कमी आ सकती है।

बहादुरगढ़ में खराब हुई हवा, 381 एक्यूआई दर्ज
सोमवार सुबह बहादुरगढ़ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 381 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। पिछले कुछ दिनों में यहां एक्यूंआई 400 के पार भी पहुंच चुका है। लगातार दो दिनों से शहर की हवा अत्यधिक प्रदूषित है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन जैसी समस्याएं हो रही हैं। यदि प्रदूषण का स्तर ऐसे ही बढ़ता रहा, तो कभी भी ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू की जा सकती हैं।

80 फैक्ट्रियां सील, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सख्ती
वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) ने सख्त कार्रवाई की है। बोर्ड की टीमों ने बिना अनुमति प्रदूषण फैलाने वाली 80 औद्योगिक इकाइयों को सील कर दिया है। इसके अलावा, शहर की सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए जल छिड़काव भी कराया जा रहा है।
बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी कि जांच के दौरान इन औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण नियंत्रण मानकों का उल्लंघन पाया गया।

दिल्ली- एनसीआर में लागू ग्रैप का दूसरा चरण
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने 19 अक्टूबर को दिल्ली- एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (जीआरएपी) का दूसरा चरण लागू किया था। एक्यूआई 201 से 300 के बीच रहने पर हवा ‘खराब’ मानी जाती है और ग्रैप का पहला चरण लागू होता है। जब एक्यूआई 301 से 400 के बीच होने पर हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आती है, जिसमें ग्रैप का दूसरा चरण लागू किया जाता है। जब एक्यूआई 401 से 450 तक पहुंचता है, तो यह ‘गंभीर’ स्तर होता है और ग्रैप का तीसरा चरण लागू होता है। एक्यूआई 450 से अधिक होने पर हवा ‘बेहद गंभीर’ श्रेणी में आ जाती है और ग्रैप का चौथा चरण लागू किया जाता है। प्रदूषण बढ़ने के साथ इन चरणों के तहत नियम और पाबंदियां भी सख्त होती जाती हैं।