September 30, 2026

“समाज में पुलिस की भूमिका” पर व्याख्यान आयोजित, पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से किया संवाद

Faridabad/Alive News: पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे शहीदी दिवस पखवाड़ा के तहत डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, एनआईटी-3 में “समाज में पुलिस की भूमिका” विषय पर एक प्रेरणादायक व्याख्यान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में फरीदाबाद पुलिस के थाना प्रबंधक और चौकी प्रभारी मौजूद रहे और उन्होंने छात्रों से बातचीत की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. गुरजीत कौर (डीन स्टूडेंट वेलफेयर, मानव रचना इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी) और राजेश खटाना (वरिष्ठ अधिवक्ता) ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि आज पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं है, बल्कि समाज और हर परिवार की जरूरत बन चुकी है। जब लोग त्योहारों की खुशियां मना रहे होते हैं, तब पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर जनता की सुरक्षा करते हैं। यही समर्पण उन्हें समाज का सच्चा प्रहरी बनाता है।

कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों और वक्ताओं ने पुलिस के योगदान को सलाम किया और यह संदेश दिया कि पुलिस और समाज मिलकर ही सुरक्षित और सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं।

कार्यक्रम में कॉलेज के एनएसएस और एनसीसी इकाई के छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संयोजन और संचालन डॉ. योगेश, समन्वयक – नशा मुक्त भारत अभियान, डी.ए.वी. कॉलेज द्वारा किया गया।