March 7, 2026

फरीदाबाद पुलिस लाइन में मनाया गया पुलिस स्मृति दिवस, शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

Faridabad/Alive News: साल की तरह इस साल भी पुलिस स्मृति दिवस फरीदाबाद पुलिस लाइन, सेक्टर-30 में बड़ी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस मौके पर देश की रक्षा में शहीद हुए पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में आलोक मित्तल (आईपीएस), महानिदेशक, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हरियाणा ने शहीद स्मारक स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। उनके साथ पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, आईजी कुलदीप सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल, डीसीपी अभिषेक जोरवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

इस अवसर पर आलोक मित्तल ने कहा कि पुलिस के जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने शहीदों के परिवारों का सम्मान किया और उनकी सुख-समृद्धि की कामना की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर 1959 को देश की सीमा की रक्षा करते हुए शहीद हुए दस पुलिस जवानों की याद में मनाया जाता है। उस दिन लद्दाख में चीन के सैनिकों ने भारतीय पुलिस दल पर हमला किया था, जिसमें 10 पुलिसकर्मी शहीद हो गए और 7 घायल पुलिसकर्मियों को बंदी बना लिया गया था। 13 नवंबर 1959 को उनके पार्थिव शरीर लौटाए गए और हॉट स्प्रिंग्स में पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
इसके बाद 1960 में पुलिस महानिदेशकों के सम्मेलन में यह निर्णय लिया गया कि हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाएगा ताकि देश के लिए बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को याद किया जा सके।

फरीदाबाद पुलिस के भी कई जवानों ने अपने कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर किए हैं सहायक उप निरीक्षक योगराज (27.09.1976), सिपाही लश्कर (25.12.1999),
सिपाही महावीर (11.06.2012), और सिपाही संदीप (30.09.2021)l कार्यक्रम में शहीद एएसआई योगराज के पुत्र राजेश मेहता और शहीद सिपाही सतबीर सिंह की पत्नी सुनीता को सम्मानित किया गया।

मित्तल ने कहा, “देश को अपने वीर पुलिसकर्मियों पर हमेशा गर्व रहेगा। उन्होंने ड्यूटी निभाते हुए जो बलिदान दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।”