March 7, 2026

राजीनामा का दबाव बनाने के लिए मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: गांव मोहना में राजीनामा का दबाव बनाने के लिए मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गांव मोहना निवासी इरफान वासी ने शिकायत दी थी कि 20 अक्टूबर को वह अपने परिवार के साथ घर में बनी दुकान पर मौजूद था। उसी दौरान उज्जवल अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर आया और दुकान पर आकर झगड़ा करने लगा। इस घटना के बाद थाना छायसा में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कार्रवाई करते हुए थाना तिगांव की टीम ने आरोपी उज्जवल सैनी (24) और हरीश (37), दोनों निवासी गांव मोहना, को गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि उज्जवल का शिकायतकर्ता से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अप्रैल 2025 में इरफान की गाड़ी को आग लगा दी थी। उसी मामले में राजीनामा करवाने के दबाव में उसने अपने साथियों के साथ जाकर दुकान पर झगड़ा किया था।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली है और दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।