March 10, 2026

जीवा पब्लिक स्कूल में भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई दीपावली

Faridabad/Alive News: जीवा पब्लिक स्कूल में इस वर्ष दीपावली का त्योहार बड़े हर्ष और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर को दीपों, रंग-बिरंगी लाइटों और सजावट से सुंदर रूप दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्रीराम भजन से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने मधुर स्वरों में प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान किया, जिससे सभी मंत्रमुग्ध हो गए।

छात्रों ने श्रीराम के जीवन पर आधारित एक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की, जिसमें अयोध्या से लेकर वनवास और रावण वध तक की घटनाओं को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया। इस नाटिका ने यह संदेश दिया कि सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलकर ही आदर्श जीवन जिया जा सकता है।

कार्यक्रम का समापन श्रीराम पर आधारित नृत्य प्रस्तुति से हुआ। छात्रों की मनमोहक मुद्राओं और भावनाओं ने सभी का दिल जीत लिया। दीपों की जगमगाहट और तालियों की गूंज के बीच पूरा विद्यालय भक्ति और आनंद से भर उठा।

इसके साथ ही छात्रों ने पटाखामुक्त और प्रदूषण-मुक्त दीपावली का संदेश देने के लिए एक जागरूकता रैली भी निकाली। स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण के लिए विद्यालय में हवन का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षक और छात्र उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की संस्कृति दुनिया में सबसे अद्वितीय है, जहां हर त्योहार प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जीवा लर्निंग सिस्टम न केवल पढ़ाई पर बल्कि जीवन में संस्कार और मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा भी देता है।

इस अवसर पर विद्यालय की उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान और एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव भी उपस्थित रहीं।