Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला फरीदाबाद में सेवा पखवाड़ा के तहत 11-सप्ताह “हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान” और स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत डीसी विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में आज शनिवार को गांव
भतोला (वार्ड 38) स्थित शिव मंदिर चौक और बांके बिहारी मार्केट के पास सफाई अभियान और घरेलू कूड़ेदान (गीले और सूखे कचरे के लिए) तथा पुन: प्रयोज्य कपड़े के थैलों का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजब चंदीला ने शिरकत की, जबकि कार्यक्रम का नेतृत्व नगर निगम फरीदाबाद के अतिरिक्त नगर आयुक्त डा. विजय पाल ने किया।
एमसीएफ के अतिरिक्त नगर आयुक्त डा. विजय पाल ने इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर कचरे के पृथक्करण (गीला व सूखा कचरा अलग-अलग) की आदत डालनी चाहिए ताकि शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाया जा सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्लास्टिक के थैलों की जगह पुन: प्रयोज्य कपड़े के थैले इस्तेमाल करें और अपने आस-पास का वातावरण साफ-सुथरा रखें।
कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने शिव मंदिर चौक और बांके बिहारी मार्केट क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया। कार्यक्रम के समापन पर स्थानीय निवासियों को गीले व सूखे कचरे के लिए पृथक घरेलू कूड़ेदान तथा कपड़े के थैले वितरित किए गए, ताकि जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन की भावना को प्रोत्साहित किया जा सके।

