March 7, 2026

कंपनी से कॉपर चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, कबाड़ी सहित तीनों जेल भेजे गए

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने कंपनी से कॉपर का सामान चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना छांयसा पुलिस टीम द्वारा की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता मुखत्यार सिंह, जो स्टार वायर कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर हैं, ने शिकायत दी थी कि कंपनी में काम करने वाला प्रकाश नाम का व्यक्ति 10 से 12 कॉपर बस बार चोरी कर ले गया। इस पर थाना छांयसा में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों प्रकाश (22) और अरुण (23) निवासी जिला कानपुर, उत्तर प्रदेश तथा सलीम (52) निवासी गांव भूरिया, जिला नूंह को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि प्रकाश और अरुण कंपनी में वेल्डिंग का काम करते थे। दोनों को पैसों की जरूरत थी, इसलिए उन्होंने कॉपर बस बार चोरी किए और कबाड़ी सलीम को 7,000 रुपये में बेच दिए।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।